भवाली में नाबालिग बच्ची से दुराचार के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस संवेदनशील आपराधिक प्रकरण को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने नगरपालिका के एक वर्तमान सभासद को निशाने पर लेते हुए उन पर कथित “पाकिस्तानी कनेक्शन”, “लैंड जिहाद” और “लव जिहाद” जैसे गंभीर आरोप लगाए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने आरोप लगाया कि नगरपालिका की मिलीभगत से सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं। उनका कहना था कि यह केवल जमीन अतिक्रमण का मामला नहीं है, बल्कि इसके जरिए क्षेत्र की जनसांख्यिकी संरचना को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण को सुनियोजित गतिविधि करार देते हुए इसकी गहन जांच की आवश्यकता जताई।
भाजपा नेता प्रकाश आर्या ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पालिका के एक सभासद के कुछ रिश्तेदार पाकिस्तान में रहते हैं और उनके माध्यम से टमट्यूड़ा–रेहड़ क्षेत्र में विशेष समुदाय के लोगों को बसाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में स्थित मस्जिद की भूमि की भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कथित “लैंड जिहाद” और “लव जिहाद” से जुड़े मामलों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि अवैध रूप से कब्जाई गई जमीनों पर बिजली और पानी के कनेक्शन के लिए एनओसी पालिका की मिलीभगत से जारी की जा रही है। वहीं भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने कहा कि अवैध निर्माणों का असेसमेंट तक कर दिया गया, जो प्रशासनिक स्तर पर गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
अधिवक्ता शिवांशु जोशी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध निर्माणों और अन्य आरोपों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर, नगरपालिका प्रशासन ने मामले को लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि की है। अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि रेहड़–टमट्यूड़ा क्षेत्र में हुए कथित अवैध निर्माणों की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। यह समिति 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर प्रशासन के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नाबालिग से दुराचार के मामले में पुलिस पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपों को लेकर जांच जारी है और प्रशासनिक स्तर पर तथ्यों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।
प्रदर्शन के दौरान मंडल उपाध्यक्ष शुभम कुमार, महामंत्री अमित पांडेय, गौतम मटियाली, राजेंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष, कंचन साह, हिमांशु रावत, उज्ज्वल चंद्रा, वैभव आनंद, रेहान, आयुष कुमार, विद्या पढ़ालनी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।