टिहरी मेडिकल कॉलेज विवाद पर मुख्यमंत्री धामी ने संभाला मोर्चा, सुबोध उनियाल और किशोर उपाध्याय के साथ की अहम बैठक

सीएम बोले—जनभावनाओं और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप होगा फैसला, टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर सकारात्मक आश्वासन

देहरादून। टिहरी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनभावनाओं तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और संवेदनशील जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना केवल स्थानीय जनता के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाने के लिए चिकित्सा अवसंरचना का लगातार विकास किया जा रहा है। इसके तहत मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा का विस्तार, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार तथा मेडिकल शिक्षा संस्थानों की संख्या में वृद्धि जैसे प्रयासों से आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। राज्य सरकार इन पहलों को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री को टिहरी जिले की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार तथा मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों और संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने क्षेत्र की जनभावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को जिले की लंबे समय से लंबित और अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक निर्णय लेगी।

गौरतलब है कि हाल ही में टिहरी मेडिकल कॉलेज के प्रस्तावित स्थान को लेकर विधायक किशोर उपाध्याय और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के बीच मतभेद खुलकर सामने आए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री की पहल पर हुई यह बैठक विवाद को सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब सभी की नजर राज्य सरकार के अंतिम निर्णय पर टिकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html