हल्द्वानी तनाव मामला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई शुरू, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त होगी कानूनी कार्रवाई – एसएसपी

हल्द्वानी। बीते दिन हल्द्वानी शहर में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक गौवंशीय नवजात पशु का सिर मिलने की सूचना सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस की त्वरित और गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामला अफवाहों पर आधारित था और अंग जंगल से आया था, जिसे एक कुत्ता उठाकर बस्ती की ओर ले आया था।

एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से यह तथ्य सामने आया कि एक कुत्ता जंगल की ओर से उक्त अवशेष लेकर आता दिखाई दिया। साथ ही, जंगल क्षेत्र में किसी पशु के ब्याने के बाद यह हिस्सा बाहर आने की भी पुष्टि हुई।

पुलिस ने घटनास्थल से अवशेष कब्जे में लेकर परीक्षण हेतु भेज दिए हैं। इसके बाद संबंधित संगठनों को पूरी स्थिति से अवगत कराया गया, जिसके चलते माहौल धीरे-धीरे शांत हो गया। इसी बीच, शक के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध तहरीर देकर विधिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

भीड़ और उपद्रव करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी

घटना के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने अफवाहों का लाभ उठाकर शहर के कुछ हिस्सों में भीड़ एकत्र की और अनावश्यक उपद्रव व तोड़फोड़ की। पुलिस ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी ने जानकारी दी कि ऐसे सभी उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शहर में शांति बनाए रखने के लिए चार क्षेत्राधिकारी (सीओ), सभी थानाध्यक्षों समेत पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। पीएसी और पीएचक्यू से अतिरिक्त पुलिस बल भी प्राप्त हो चुका है तथा आवश्यकता पड़ने पर पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की जाएगी।

पुलिस ने दिया सख्त संदेश

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर में कहीं भी उपद्रव करने वालों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हल्द्वानी की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है और पुलिस लगातार इलाके में गश्त बढ़ाकर हालात पर नजर बनाए हुए है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html