देहरादून/मसूरी— शहर के भगत सिंह चौक इलाके में देर रात एक स्पा सेंटर के बाहर जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियां एक युवक को बार-बार थप्पड़ मार रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग स्थिति को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं।
घटना रात करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद तब शुरू हुआ जब किसी ने स्पा सेंटर के बाहर पत्थर फेंका। आरोप है कि पत्थर फेंके जाने के बाद स्पा कर्मियों और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई। युवतियों और युवक के बीच लगभग आधे घंटे तक हंगामा और धक्का-मुक्की चलती रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लड़ाई के दौरान स्पा सेंटर की एक युवती ने युवक को जोरदार थप्पड़ मारा, जिसके बाद माहौल और गरमा गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करके किसी तरह मामला शांत करवाया। इस दौरान काफी संख्या में लोग जमा हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में संचालित संदिग्ध स्पा सेंटरों की कड़ी जांच करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे घटनाक्रम शहर की शांति और पर्यटन पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।