चम्पावत। उत्तराखंड के सीमांत जनपद चम्पावत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस निर्णय से सीमांत क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
यह महत्वपूर्ण निर्णय भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर लिया गया है। रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि मुख्यमंत्री ने 8 जुलाई 2026 को जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक विचार करते हुए रेलवे मंत्रालय ने बनबसा स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय को सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बनबसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने से चम्पावत जनपद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा अन्य यात्रियों को यात्रा के दौरान काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें अन्य स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों का परिणाम है कि जनपद चम्पावत और सीमांत क्षेत्र के लोगों को यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्रालय के इस निर्णय से यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा, वहीं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सीमांत क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों के लिए यह सुविधा आर्थिक दृष्टि से भी लाभकारी साबित होगी। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिससे स्थानीय व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनहितकारी निर्णय सीमांत क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को पूरा करता है। यह सुविधा न केवल यात्रियों की कठिनाइयों को कम करेगी, बल्कि चम्पावत जनपद और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। इससे उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क बेहतर होगा और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।