रामनगर: उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित करने की तारीख तय कर दी है। बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार, परिणाम 25 अप्रैल सुबह 10 बजे जारी किए जाएंगे।
रिजल्ट की घोषणा बोर्ड सभागार में की जाएगी, जहां धन सिंह रावत और डॉ. मुकुल सती भी मौजूद रहेंगे।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में कुल 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। लंबे समय से अपने परिणाम का इंतजार कर रहे इन छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
परीक्षा प्रक्रिया इस बार पूरी तरह व्यवस्थित और समयबद्ध रही। खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन किया गया, जिससे छात्रों को काफी सुविधा मिली।
परीक्षा कार्यक्रम के तहत:
प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित हुईं
लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से 20 मार्च तक चलीं
सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न हुईं
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए पूरे प्रदेश में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। साथ ही 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील घोषित किया गया था।
जिलों की बात करें तो टिहरी गढ़वाल में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र स्थापित किए गए।
अब सभी की निगाहें 25 अप्रैल पर टिकी हैं, जब मेहनत का परिणाम सामने आएगा।