हरिद्वार। सोशल मीडिया पर पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने का आरोप लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग में तैनात सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की शिकायत पर हरिद्वार यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि 26 फरवरी को कैश खुराना नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर उनके खिलाफ पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने संबंधी पोस्ट सार्वजनिक की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में उन्हें टैग कर सवाल-जवाब किए जाने लगे, जिससे उनकी शासकीय और सामाजिक छवि प्रभावित हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने और झूठी अफवाह फैलाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर ने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखते हुए विधिक कार्रवाई किए जाने की भी बात कही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच कराई जा रही है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी को टारगेट नहीं किया है और यह मामला अब अदालत में जाएगा। उन्होंने कहा कि कोर्ट में ही सभी आरोपों का जवाब दिया जाएगा और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं।
पुलिस का बयान-एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। एक ओर सरकारी अधिकारी की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप है, तो दूसरी ओर विपक्षी संगठन से जुड़े पदाधिकारी द्वारा इसे साजिश बताया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।