कैंची धाम मेले में ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा, मुकदमा दर्ज

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले एक विवाद सामने आने से हड़कंप मच गया। मेले की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया तथा उन्होंने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। इन पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अपने होमस्टे और गेस्ट हाउसों में की गई है।

नशे की हालत में अभद्रता का आरोप

आरोप है कि उधम सिंह नगर से मेला ड्यूटी पर आए दो पुलिस जवान एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। बीती रात उन्होंने कथित रूप से नशे का सेवन किया और रात करीब 10 बजे उसी परिसर में रह रही दो युवतियों/महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, व्यापारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। लोगों ने पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

पुलिस ने कराया एल्कोहल टेस्ट

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी भवाली ने बताया कि आरोपित पुलिसकर्मियों का एल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।

इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मेले से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कैंची धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थापना दिवस समारोह को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था संभालने आए पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर है, यदि वही अनुशासनहीनता करेंगे तो यह चिंता का विषय है।

निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों और व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन कैंची धाम स्थापना दिवस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html