पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला में पोटर भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही यहां देश के विभिन्न राज्यों से युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से दो हजार से अधिक युवा इस भर्ती में भाग लेने के लिए धारचूला पहुंचे हैं।
पंचशूल ब्रिगेड की कुमाऊं हिल पोर्टर कंपनी द्वारा 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक चार दिवसीय पोटर भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कुल 600 पोटरों के पदों पर चयन किया जाना है। चयनित अभ्यर्थियों को 179 दिनों के लिए अस्थायी अनुबंध पर नियुक्त किया जाएगा।
भर्ती के पहले दिन सुबह चार बजे से ही युवा कुमाऊं स्काउट की फायरिंग रेंज ग्राउंड में पहुंचने लगे थे। बड़ी संख्या में युवाओं ने दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें करीब एक हजार अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इनमें से 525 युवा सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों का अब सेना के मेडिकल अधिकारियों की टीम द्वारा मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक जांच प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
शेष अभ्यर्थियों की दौड़ प्रक्रिया अगले दिन यानी मंगलवार को आयोजित की जाएगी। सेना द्वारा यह भर्ती अस्थायी आधार पर की जाती है और इसमें चयनित पोटरों की तैनाती सीमित अवधि यानी 179 दिनों के लिए होती है। इसके बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से युवा इस अवसर को पाने के लिए सैकड़ों किलोमीटर, यहां तक कि 600 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर धारचूला पहुंचे हैं।
बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में युवाओं के आगमन को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। रोडवेज द्वारा टनकपुर से धारचूला के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम से ही टनकपुर से पिथौरागढ़ होते हुए धारचूला के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं, जिससे अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भी भर्ती में शामिल होने आए युवाओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि बाहरी राज्यों से आए युवाओं के ठहरने और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके तहत ब्लॉक सभागार, स्टेडियम, जीजीआईसी और जीआईसी जैसे स्थानों पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
रविवार को लगभग 500 से अधिक युवाओं ने इन स्थानों पर ठहरकर रात बिताई। युवाओं ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष और खुशी व्यक्त की है।
धारचूला में चल रही इस पोटर भर्ती ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सीमित अवधि की नौकरियों के लिए भी युवाओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा है।