सीएम धामी से मधुर भंडारकर की मुलाकात, उत्तराखंड बनेगा फिल्म शूटिंग हब

पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक अग्रणी गंतव्य के रूप में विकसित करने, निवेश को आकर्षित करने तथा राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण फिल्म निर्माण के लिए अत्यंत उपयुक्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना है और इसे एक सशक्त फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लागू आधुनिक फिल्म नीति के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स में छूट और विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही, सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में पहले ही कई हिंदी फिल्मों, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग हो चुकी है, जिससे उत्तराखंड तेजी से फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन के रूप में उभर रहा है। यहां की वादियां, झीलें, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक स्थान फिल्म इंडस्ट्री को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, जो राज्य सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं की सफलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। विभिन्न जिलों में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिसमें पर्वतीय क्षेत्र, झीलें, वन क्षेत्र, ऐतिहासिक स्थल और धार्मिक धाम शामिल हैं, जिससे फिल्म निर्माताओं को एक ही मंच पर विविध लोकेशन उपलब्ध हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फिल्म उद्योग के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। राज्य सरकार स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म निर्माण से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास कर रही है, साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड में फिल्म सिटी के विकास की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया राज्य के भीतर ही संभव हो सके। साथ ही फिल्म महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देकर राज्य की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।

अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के ये प्रयास राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html