उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई, बागियों को निष्कासित किया
देहरादून: उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पार्टी ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माहरा के निर्देश पर, जिला कांग्रेस कमेटी परवादून ने इन कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।
इन कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से ऋषिकेश नगर निगम और डोईवाला नगर पालिका परिषद के चुनावों में बगावत करने के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।
ऋषिकेश नगर निगम में कांग्रेस के मेयर पद के अधिकृत प्रत्याशी दीपक जाटव के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ता दिनेश चंद्र मास्टर, महेंद्र सिंह और कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय को निष्कासित किया गया है। वहीं, डोईवाला नगर पालिका परिषद में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी सागर मनवाल के खिलाफ चुनाव में उतरने वाले राजवीर खत्री को भी निष्कासित कर दिया गया है।
कांग्रेस संगठन ने स्पष्ट किया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं की एक सूची तैयार की जा रही है और भविष्य में इन कार्यकर्ताओं के खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।