देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की और मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से जांच करते हुए पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद आवश्यक है और दोषी तथा निर्दोष के बीच स्पष्ट अंतर होना चाहिए।
केशव नेगी की बेटी से भी की बातचीत
मुख्यमंत्री धामी ने शेफ केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपने प्रवासी उत्तराखंडवासियों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और उनकी सहायता करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर परिवार को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
सांसदों ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
इस मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी सक्रिय नजर आए। दोनों सांसदों ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
21 लोगों की मौत से दहला था दिल्ली
गौरतलब है कि 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित एक होटल में सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई थी। आग और धुएं के कारण होटल के बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी बताई गई है।
बचाव अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने बड़ी बहादुरी का परिचय दिया। इस दौरान धुएं और आग की चपेट में आने से करीब 10 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में जांच के दायरे में आए अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी का नाम भी सामने आया।
सरकार की नजर जांच प्रक्रिया पर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि न्याय सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए सच्चाई को सामने लाएंगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड सरकार केशव नेगी के परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
“हमारे सभी प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहन राज्य परिवार का हिस्सा हैं। उनकी सुरक्षा और सहायता हमारी जिम्मेदारी है।” — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी