नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पर्यटक स्थल मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों से भरी एक बस सतबुंगा के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में चालक समेत कुल 22 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई में गिरी बस तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने अभियान तेज किया।
21 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
रेस्क्यू टीमों ने बस में सवार यात्रियों को एक-एक कर सावधानीपूर्वक बाहर निकालना शुरू किया। अब तक 21 यात्रियों को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला गया है। घायल यात्रियों को एंबुलेंस के माध्यम से भवाली और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के बाद एक यात्री के बस के नीचे दबे होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने अपना अभियान और तेज कर दिया। बस गहरी खाई में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ह्यूमन चेन बनाकर घायलों को पहुंचाया सड़क तक
करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिरी बस से घायलों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई। इसके जरिए घायलों को सावधानीपूर्वक खाई से ऊपर सड़क तक पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीमों के साथ मिलकर अभियान में सहयोग किया। मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर
हादसे की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की गई।
भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल भी मौके पर डटे रहे और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी लेते रहे। पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं।
फरीदाबाद के बताए जा रहे हैं सभी पर्यटक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी पर्यटक फरीदाबाद के बताए जा रहे हैं। पर्यटक बस संख्या UP14 QT 9690 से मुक्तेश्वर घूमने गए थे और वापस भवाली की तरफ लौट रहे थे।
इसी दौरान सतबुंगा के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
पर्यटकों से भरी बस के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
गहरी खाई और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर है।