आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने रेखा आर्या से की मुलाकात, समाधान का मिला आश्वासन

उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके प्रयासों से प्रदेश में कई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पदोन्नति मिलकर सुपरवाइजर बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से मंत्री के सामने रखा। मंत्री रेखा आर्या ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें चिन्हित किया और संबंधित उच्च अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रमुख रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों के किराए से जुड़ी समस्या उठाई गई। कार्यकत्रियों ने मांग की कि किराए के भवनों में संचालित केंद्रों का किराया भवन स्वामी के बजाय माता समिति के खाते में दिया जाए, जिसके लिए शासनादेश में संशोधन किया जाए।

मानदेय से जुड़ी समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई, जिसमें कार्यकत्रियों ने बताया कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं होता कि किस माह का मानदेय प्राप्त हुआ है। उन्होंने पासबुक में स्पष्ट रूप से माह का उल्लेख दर्ज करने की मांग की।

इसके अलावा वर्ष 2021 के कोरोना काल में वितरित किए गए निशुल्क सेनेटरी नैपकिन को लेकर भी समस्या रखी गई। कार्यकत्रियों ने बताया कि उस समय सरकार के निर्देशानुसार यह सामग्री मुफ्त वितरित की गई थी, लेकिन अब विभाग द्वारा इसकी राशि जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे वे वहन करने में असमर्थ हैं।

वर्तमान में वितरित किए जा रहे सेनेटरी नैपकिन की बिक्री दर को लेकर भी असंतोष जताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ₹15 के बजाय इसे पूर्व की तरह ₹6 में उपलब्ध कराया जाए, क्योंकि लाभार्थी वर्ग इसे वर्तमान कीमत पर नहीं खरीद पा रहा है।

स्मार्टफोन के माध्यम से ऑनलाइन कार्य में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी बैठक में उठा। कार्यकत्रियों ने बताया कि सिम रिचार्ज के लिए मिलने वाली धनराशि पर्याप्त नहीं है, जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। साथ ही पोषण ट्रैकर में फेस कैप्चर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को भी मंत्री के संज्ञान में लाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से अनुरोध किया कि इस माह के अंत तक सभी संगठनों और विभागीय अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। इस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द बैठक कराने का आश्वासन दिया।

मानदेय वृद्धि के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही संतोषजनक निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिला संयोजिका मधु पुंडीर, शहर अध्यक्ष तनु बाबा, रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीलम चौहान, बिन्नी देवी, ब्लॉक अध्यक्ष सविता सजवान और मालती रावत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

अंत में संघ की ओर से सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की गई कि वे अपने ब्लॉक और जिला स्तर की समस्याओं को संकलित कर प्रदेश पदाधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि उनका समुचित समाधान कराया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html