मसूरी में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार पर्यटकों की मौके पर मौत
देहरादून/मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। झड़ीपानी शॉर्टकट रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना बुधवार दोपहर झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार से सड़क पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम भूभाग के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल ने रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और शवों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से चारों शवों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
दुर्घटना से पहले दुकान पर रुके थे कार सवार
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी की ओर जाने वाला बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे वाहन में सवार हुए, कार ढलान की ओर तेजी से बढ़ी और नियंत्रण खोते हुए खाली प्लॉट को पार कर सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान कर ली गई है। हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं—
-
सत्यप्रकाश, निवासी सोनीपत, हरियाणा
-
मानित (19 वर्ष), निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
-
सविता (48 वर्ष), पत्नी धर्मवीर, निवासी गाजियाबाद
-
संगीता (46 वर्ष), पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली