चम्पावत: जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र स्थित छमनिया में लगभग ₹256 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन प्रदेश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
खेल सुविधाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन फुटबॉल ग्राउंड, एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट तथा सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक सहित विभिन्न खेल मैदानों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
छात्रावास और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान 300 बालिकाओं की क्षमता वाले छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ शिक्षा और आवास की समग्र सुविधा उपलब्ध कराएगा।
बेटियों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोहाघाट में स्थापित हो रहा यह महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं प्रदान करेगा। यहां विकसित की जा रही खेल व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी, जिससे महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगी।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यह संस्थान ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच देगा और खेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा, अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे