उतराखंड के दोनों मंडलों में बनेगा स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के दोनों मंडलों—गढ़वाल और कुमाऊं—में एक-एक स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन स्थापित करने की दिशा में कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) शीघ्र तैयार कर धरातल पर उतारने की प्रक्रिया इसी वित्तीय वर्ष में शुरू कर दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए इससे जुड़े क्षेत्रों का समग्र विकास किया जाएगा। इससे न केवल प्रदेश के पारंपरिक तीर्थ स्थलों का कायाकल्प होगा, बल्कि पर्यटन कारोबार को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

उनके अनुसार, परियोजना के अंतर्गत योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्वतीय कृषि उत्पादों तथा सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था में भी स्थायी वृद्धि होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के शीतकालीन पर्यटन स्थलों में बुनियादी सुविधाओं—जैसे आवास, यात्रा, परिवहन, स्वास्थ्य और सुरक्षा—का विस्तार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शीतकालीन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए आधुनिक डिजिटल माध्यमों के साथ-साथ पारंपरिक तरीकों का भी व्यापक उपयोग किया जाए, ताकि उनकी पहुंच देश-विदेश के पर्यटकों तक बनाई जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए, प्रत्येक चरण की समयबद्ध मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, और विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देना राज्य की अर्थव्यवस्था तथा जनसामान्य के जीवन स्तर सुधारने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में वर्चुअल माध्यम से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज शामिल हुए। इसके अलावा बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, धीराज सिंह गर्ब्याल, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html