देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने की दिशा में पिछले तीन वर्षों में बड़े पैमाने पर भर्ती परीक्षाएं आयोजित की हैं। आयोग ने 72 प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अब तक 7092 पदों पर चयन की संस्तुतियां संबंधित विभागों को भेज दी हैं, जबकि करीब 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है।
आयोग के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न विभागों के समूह ‘ग’ के करीब 1100 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इसके अलावा 11 प्रस्तावित विज्ञप्तियों के तहत 1737 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
इस वर्ष आयोग ने 79,246 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और 3004 अभ्यर्थियों की टंकण व आशुलेखन परीक्षा सफलतापूर्वक कराई है। आगामी महीनों में वाहन चालन, टंकण और आशुलेखन से जुड़ी अन्य परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए आयोग ने कई अहम सुधार लागू किए हैं। इनमें ऑनलाइन आवेदन में आधार अनिवार्य करना, बायोमैट्रिक उपस्थिति, परीक्षा केंद्रों पर जैमर और फिस्किंग व्यवस्था शामिल है। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए IVR तकनीक, टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप सेवा भी शुरू की गई है।
भविष्य में परीक्षा व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए एआई तकनीक, लाइव सीसीटीवी निगरानी, पाम और आइरिस आधारित डिजिटल सत्यापन तथा संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
आयोग के अध्यक्ष जी. एस. मर्तोलिया और सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आयोग लगातार नए सुधार लागू कर रहा है।