चंपावत दुष्कर्म कांड पर सियासत तेज: खटीमा में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम का पुतला दहन

उत्तराखंड के चंपावत जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सीएम का पुतला फूंका।

बताया जा रहा है कि चंपावत में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष समेत तीन आरोपियों के खिलाफ पीड़िता के पिता की तहरीर पर पॉक्सो सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना ने पूरे प्रदेश में आक्रोश पैदा कर दिया है।

घटना के विरोध में खटीमा के मुख्य चौक पर एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई और सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बॉबी राठौर ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि नाबालिग के साथ हुई इस दरिंदगी ने मानवता को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में अक्सर सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं, जो चिंता का विषय है।

कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सड़कों पर उतरकर बेटी को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद करते रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html