देहरादून में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहरादून पुलिस ने देर रात सघन चेकिंग के दौरान बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।
घटना बसंत विहार थाना क्षेत्र के हरबंशवाला बैरियर की है, जहां 25/26 अप्रैल 2026 की रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक नीली स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बैरियर तोड़कर तेज गति से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्धों का पीछा किया। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। फील्ड यूनिट ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए।
पुलिस को बदमाशों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे (.315 बोर), जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान अब्दुल्ला (37 वर्ष), निवासी सहारनपुर और शाहनवाज सलमानी के रूप में बताई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अब्दुल्ला एक शातिर अपराधी है, जिस पर सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चल रहा ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार अपराधियों पर भारी पड़ रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।