उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 16 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा शांतिकुंज गेट नंबर-3 के पास उस समय हुआ, जब बस सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान रायवाला की तरफ से तेज गति से आ रहे डंपर ने बस को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क पर पलट गई और डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक ढाबे में जा घुसा।
हादसे के समय बस में 45 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, SDRF और राहत टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक महिला राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली थी। वह अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार आई थी।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और ट्रैफिक नियमों के कड़ाई से पालन की मांग की है।