देहरादून। थराली विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक और चमोली जिले की वरिष्ठ समाजसेवी मुन्नी देवी शाह का शुक्रवार को देहरादून के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 68 वर्ष की थीं और पिछले तीन महीनों से बीमार चल रही थीं।
परिजनों के अनुसार, स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पहले दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक इलाज चला। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें देहरादून लाया गया, लेकिन शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुन्नी देवी शाह का राजनीतिक जीवन लंबे समय तक जनता की सेवा को समर्पित रहा। विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य करवाए। वह चमोली जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं और अपने सहज व सरल स्वभाव के कारण जनता में खासा सम्मान रखती थीं।
उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि मुन्नी देवी शाह का अंतिम संस्कार आज कर्णप्रयाग के संगम तट पर किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचेंगे।