देहरादून। अपनी मांगों को लेकर कृषि मंत्री गणेश जोशी के आवास की ओर कूच कर रहे पर्वतीय कृषक बागवान संगठन के किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को मयूर विहार स्थित धरना स्थल पर छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान गांधी पार्क से मंत्री के आवास के लिए कूच करने निकले। आंदोलन की सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें गांधी पार्क के पास रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और राजपुर रोड, दिलाराम बाजार होते हुए सालावाला पुल तक पहुंच गए।
इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारी कृषि मंत्री के आवास का घेराव करने की जिद पर कायम रहे, जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर शांतिपूर्वक धरना स्थल पहुंचाया।
किसान संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।