हरिद्वार। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए प्रदर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें तुलसी चौक पर ही रोककर हिरासत में ले लिया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि कई मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठाए और सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस नेताओं महेश प्रताप राणा और राजीव भार्गव ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री की रैली में सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया गया और निजी संस्थानों के कर्मचारियों पर दबाव बनाकर भीड़ जुटाई गई।
वहीं पार्षद हिमांशु गुप्ता और सोहित सेठी ने भी आरोप लगाया कि रैली को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भी भीड़ जुटाने में लगाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले चुनावों में भाजपा सरकार को जवाब देगी। वहीं पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और विरोध प्रदर्शन से पहले ही कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।