पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की सुबह अपने चिर-परिचित मिलनसार अंदाज में स्थानीय लोगों और आईटीबीपी के जवानों के साथ समय बिताया। मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जवानों और ग्रामीणों के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए आत्मीय संवाद किया और क्षेत्र के विकास व जनकल्याण योजनाओं पर उनकी राय जानी।
मुख्यमंत्री ने सीमा पर तैनात आईटीबीपी जवानों का हौसला बढ़ाया और कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने जवानों के समर्पण भाव की सराहना करते हुए कहा कि राज्य और देश को उनकी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता पर गर्व है।
धामी ने स्थानीय निवासियों से भी बड़ी आत्मीयता के साथ मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं तथा सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर फीडबैक लिया। लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ खुलकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
सबसे खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री धामी बिना किसी विशेष सुरक्षा तामझाम के आम नागरिकों की तरह लोगों के बीच पहुंचे। वे सड़क किनारे दुकानों पर रुके, लोगों से हाथ मिलाया और बच्चों से बातचीत की। उनके इस सादगीपूर्ण और सहज व्यवहार ने स्थानीय जनता का दिल जीत लिया।
लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का यह जनसंपर्क का तरीका उन्हें आम जनता से जोड़ता है और यही उनकी लोकप्रियता की असली वजह है। पहाड़ी ठंड में सुबह की चाय और आत्मीय बातचीत का यह दृश्य मुनस्यारी के लोगों के लिए यादगार बन गया।