सीएम धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की मुलाकात, हरिद्वार महाकुंभ 2027 और नमामि गंगे परियोजनाओं पर मांगी त्वरित स्वीकृति

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित महाकुंभ की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार महाकुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 के बीच आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से असिंचित क्षेत्रों के लिए 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित योजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और स्थानीय किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार महाकुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा तथा गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html