पति से विवाद के बाद महिला ने एक साल की बेटी के साथ गंगनहर में लगाई छलांग, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। मायके जा रही एक महिला ने पति से हुए विवाद के बाद अपनी एक साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और मां-बेटी की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी 35 वर्षीय अर्जुन अपनी पत्नी 30 वर्षीय सविता, चार वर्षीय बेटे और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बहादराबाद स्थित रायपुर दरेड़ा गांव जा रहे थे, जहां सविता का मायका है। रास्ते में चार वर्षीय बेटा बाइक पर आगे बैठा था, जबकि एक वर्षीय बेटी सविता की गोद में थी।
घर पर रुकने की बात को लेकर हुआ विवाद
अर्जुन ने पुलिस को बताया कि जब परिवार दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास पहुंचा तो सविता ने पहले घर पर रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सविता ने बाइक रुकवाई और गोद में बेटी को लेकर सीधे गंगनहर में छलांग लगा दी।
घटना इतनी अचानक हुई कि अर्जुन कुछ समझ ही नहीं पाया। जब तक वह महिला को रोकने की कोशिश करता, तब तक मां और बेटी तेज बहाव में लापता हो चुके थे।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
महिला और मासूम बच्ची को नहर में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने खुद भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
SDRF और जल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से गंगनहर में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम तक मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
चार साल का बेटा सुरक्षित, परिवार में मचा कोहराम
घटना के समय परिवार का चार वर्षीय बेटा बाइक पर मौजूद था और वह पूरी तरह सुरक्षित है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। पति अर्जुन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजन मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिला और बच्ची की तलाश के लिए SDRF और जल पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। दोनों के मिलने तक अभियान जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।