देहरादून में 42 बार बिना हेलमेट पकड़ा गया युवक, RTO अब घर जाकर करेगा वाहन सीज
देहरादून देहरादून में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के लिए अब आरटीओ प्रशासन का सब्र जवाब दे चुका है। बार-बार चेतावनी और चालान के बावजूद ट्रैफिक नियमों को अनदेखा करने वाले अब नहीं बच पाएंगे। आरटीओ देहरादून ने सख्ती बरतते हुए फैसला लिया है कि रिपीटेड ऑफेंडर्स के वाहन अब उनके घर जाकर सीज किए जाएंगे।
42 बार चालान, फिर भी नहीं सुधरा युवक
आरटीओ की जांच में सामने आया कि देहरादून में कई लोग बिना हेलमेट वाहन चलाना अपनी आदत बना चुके हैं। हैरानी की बात तो यह है कि एक युवक को अब तक 42 बार बिना हेलमेट पकड़ा गया, लेकिन उसने न तो अपनी गलती मानी और न ही नियमों का पालन करना सीखा।
आरटीओ संदीप सैनी के अनुसार, ऐसे लोगों के खिलाफ अब ‘सीधा घर जाकर वाहन जब्ती’ की कार्रवाई की जाएगी।
टॉप 10 नियम तोड़ने वालों की सूची तैयार
देहरादून आरटीओ प्रशासन ने ऐसे 10 लोगों की पहचान की है जो लगातार ट्रैफिक नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, जिनमें अधिकतर बार बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने के मामले सामने आए हैं। इन सभी को अब घर जाकर नोटिस दिया जाएगा और उनके वाहन जब्त किए जाएंगे।
घर से उठेगा वाहन, RTO दफ्तर में होगी काउंसलिंग
आरटीओ अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत:
-
टीम ऐसे व्यक्तियों के घरों पर जाकर वाहन सीज करेगी
-
उन्हें आरटीओ कार्यालय लाकर ट्रैफिक नियमों पर काउंसलिंग दी जाएगी
-
काउंसलिंग सत्र लगभग दो घंटे का होगा, जिसमें उन्हें बच्चों की तरह ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाएगी
-
यदि किसी के पास हेलमेट खरीदने के लिए पैसे नहीं होंगे, तो आरटीओ विभाग की ओर से हेलमेट मुफ्त में प्रदान किया जाएगा