उत्तराखंड की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित
निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीते रजत पदक
आरती धारियाल ने रोमानिया की गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
मुख्यमंत्री बोले—उत्तराखंड की बेटियां खेलों में रच रही हैं नए कीर्तिमान, सरकार हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध
देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की तीन प्रतिभाशाली महिला मुक्केबाजों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
निकिता चंद पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निवासी हैं और इससे पहले वर्ष 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह अपने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
वहीं, मुनस्यारी के भदेली गांव की निवासी काजल फर्स्वाण भी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। वह इससे पहले अंडर-19 ASBC एशियन चैंपियनशिप में रजत, अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में कांस्य तथा 38वें राष्ट्रीय खेल-2025 में रजत पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।
इसी क्रम में पिथौरागढ़ की प्रतिभाशाली मुक्केबाज आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। आरती इससे पहले वर्ष 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां उत्तराखंड की खेल प्रतिभा और राज्य में विकसित हो रहे खेल वातावरण का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी श्रीमती शबाली गुरंग सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे।