खटीमा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 14.97 करोड़ से चौड़ी होगी प्रमुख सड़क

खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण से आवागमन होगा सुगम, जाम की समस्या से मिलेगी राहत : मुख्यमंत्री

सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और जल निकासी समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का जोर

खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सड़क की क्षमता बढ़ने से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और लंबे समय से सामने आ रही जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं परिवहन व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण आधार है।

 

मुख्यमंत्री श्री धामी ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां की जनता ने उन्हें सदैव स्नेह और अपनत्व दिया है। जनता का यह प्यार और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि खटीमा के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र और संतुलित विकास को प्राथमिकता दे रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई के आधुनिकीकरण तथा बालिका विद्यालयों की सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

 

उन्होंने कहा कि खटीमा में सड़क एवं परिवहन से जुड़ी सुविधाओं को भी लगातार विस्तार दिया जा रहा है। विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण तथा बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से आम जनता को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ केवल शहर तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोगों तक भी पहुंचे, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

 

मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भी गंभीरता से कार्य कर रही है। चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना राज्य सरकार की विकास नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास जैसे कार्यों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि खटीमा की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित किया जा रहा है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े जिन कार्यों की शुरुआत की गई है, उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खटीमा के विकास की यात्रा आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी।

 

इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, दायित्वधारी श्रीमती मोहिनी पोखरिया, श्री संतोष गौरव, श्री गंभीर सिंह धामी, श्री किशन सिंह, श्री रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता श्री सतीश भट्ट, श्री रामू भारती, अपर जिलाधिकारी श्री पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *