उत्तराखंड कांग्रेस की दिल्ली में हाईकमान के साथ अहम बैठक, खरगे और राहुल गांधी ने 2027 चुनाव को लेकर दिए दिशा-निर्देश

जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और चुनावी अभियान तेज करने पर जोर, गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

गौरतलब है कि रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली और मार्च आयोजित किया गया था। इसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता भी इस रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने पार्टी हाईकमान के साथ बैठक की।

खरगे के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेताओं की यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित हुई। बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा कुमारी सैलजा भी मौजूद रहीं।

उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत शामिल हुए। वहीं प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।

2027 के चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी हाईकमान ने प्रदेश नेतृत्व को चुनावी तैयारियों में तेजी लाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रदेश में जनता से जुड़े छोटे-बड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जाए। पार्टी नेताओं को इन मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने और जनता के बीच पहुंचकर कांग्रेस के अभियान को मजबूत करने की बात कही गई।

संगठन की तैयारियों और जनसंपर्क पर जोर

उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी बैठक को लेकर जानकारी साझा की गई। पार्टी के अनुसार, बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

दिल्ली में हुई इस बैठक को उत्तराखंड कांग्रेस की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि हाईकमान के दिशा-निर्देशों के बाद प्रदेश कांग्रेस किस तरह अपनी रणनीति को जमीन पर उतारती है और संगठन को चुनाव के लिए तैयार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *