देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से ठीक पहले कांग्रेस के बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला अपने एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद में घिर गए। चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी कार्यक्रम के दौरान उनकी तारीफ करने वाले बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस असहज नजर आई। बढ़ते विवाद के बीच विधायक बुटोला को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
सरकारी मंच से की थी मुख्यमंत्री की सराहना
15 जुलाई को चमोली में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला भी मंच पर मौजूद थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कई लोग विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव की बात करते हैं, लेकिन उनकी बदरीनाथ विधानसभा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई भी दी और कार्यक्रम के दौरान कई बार उपस्थित लोगों से तालियां बजाने की अपील भी की। यह वीडियो सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
राहुल गांधी के दौरे से पहले बढ़ी कांग्रेस की मुश्किल
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया जब राहुल गांधी उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचकर छात्रों के साथ संवाद और पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर बैठक करने वाले थे। ऐसे में कांग्रेस के एक विधायक द्वारा मुख्यमंत्री की सार्वजनिक प्रशंसा को लेकर पार्टी के भीतर असहजता का माहौल बन गया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विपक्ष सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, ऐसे समय में इस तरह का बयान कांग्रेस की रणनीति पर सवाल खड़े करता है।
बुटोला ने दी सफाई, कहा- मेरी बातों का गलत मतलब निकाला गया
विवाद बढ़ने के बाद विधायक लखपत बुटोला ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है।
बुटोला ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत प्रशंसा नहीं की, बल्कि अपनी विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया था। उन्होंने दावा किया कि उनके बयान का गलत अर्थ निकालकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
सरकार पर फिर बोला हमला
सफाई देते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि उन्होंने हमेशा भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा है और आगे भी घेरते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण जैसे मामलों में सरकार जवाबदेह है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बुटोला ने यह भी कहा कि उनकी विधानसभा में जो विकास कार्य हुए हैं, वे उनके लगातार प्रयासों और जनता की मांगों का परिणाम हैं, न कि सरकार की किसी विशेष कृपा का।
राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना मामला
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे और कांग्रेस के चुनावी अभियान के बीच यह पूरा घटनाक्रम राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा इसे कांग्रेस के भीतर की वास्तविक सोच बता रही है, जबकि कांग्रेस विधायक अपनी बातों को गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल, राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले शुरू हुआ यह विवाद राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ चुका है।