भीमताल में ‘काम बोलता है’ के दावों पर वायरल वीडियो ने उठाए सवाल, मरीज को 8 किमी डोली में ले जाने को मजबूर ग्रामीण

नैनीताल/भीमताल। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पहाड़ी रास्ते पर एक महिला मरीज को चार ग्रामीण डोली में लिटाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र की जमीनी हकीकत और विकास के दावों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो बनाने वाले युवक ने शुरुआत में अपील करते हुए कहा कि इसे इतना शेयर किया जाए कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा तक यह बात पहुंच सके। युवक ने मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि आप कहते हैं कि आपका काम बोलता है, जबकि क्षेत्र की हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है।

वीडियो में भीमताल ब्लॉक के ओखलकांडा क्षेत्र के अधौड़ा, कित्तोक और मोड़ा इलाके की स्थिति दिखाई गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में आज भी कई स्थान ऐसे हैं जहां मरीजों को सड़क तक पहुंचाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता है।

वीडियो बनाने और मरीज को कंधों पर ले जाने वाले समाजसेवी दीपक सिंह मेहरा ने बताया कि गांव की एक महिला के पैर में फोड़ा हो गया था। घरेलू इलाज से राहत नहीं मिलने के कारण महिला चलने में असमर्थ हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को डोली के माध्यम से करीब 8 किलोमीटर दूर नजदीकी सड़क मार्ग तक पहुंचाया।

ग्रामीण महिला को उबड़-खाबड़ और पथरीले रास्ते के साथ जंगल की झाड़ियों से होकर खड़ी पहाड़ी पगडंडी से मोटर मार्ग तक लेकर पहुंचे। दीपक सिंह मेहरा के अनुसार, महिला के पैर का इलाज कराया गया और अब वह ठीक होकर वापस गांव लौट गई हैं।

वायरल वीडियो ने एक बार फिर पहाड़ों में सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े सवालों को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *