मुख्यमंत्री बोले- विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक; खटीमा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ हरित विकास पर जोर
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और पूरे पार्क का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण, क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस की स्थापना और वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है।
खटीमा में सर्किट हाउस, स्टेडियम और वेंडिंग जोन की घोषणा
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के विकास को लेकर जिन छह घोषणाओं का ऐलान किया, उनमें प्रमुख रूप से नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तार किया जाना शामिल है। इसके साथ ही वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने खटीमा में स्टेडियम निर्माण, क्रियाशाला निर्माण, सर्किट हाउस निर्माण और वेंडिंग जोन विकसित किए जाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से खटीमा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है खटीमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन पर्यटन और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले लोगों के लिए खटीमा महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में विकसित हो सकता है। ऐसे में यहां बेहतर ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण और इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय सहायता देने की बात भी कही।
पार्क से मिलेगा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्क केवल एक सरकारी परियोजना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्रवासियों के लिए सार्वजनिक सुविधा और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी की बताते हुए कहा कि इसे बेहतर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए।
जलवायु परिवर्तन के दौर में वनों का महत्व बढ़ा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वनों और पर्यावरण का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण यानी इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर पैदा किए जा सकेंगे।
इलेक्ट्रिक वाहन और सौर ऊर्जा को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देकर उत्तराखंड में सतत विकास की दिशा में काम किया जा रहा है।
सांसद अजय भट्ट बोले- विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के चलते उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने रखीं स्थानीय मांगें
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण का अनुरोध किया। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर वहां नए कार्यालय के निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी और अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।