अल्मोड़ा: वित्तीय वर्ष के समापन से पहले बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने अल्मोड़ा जिले में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई करते हुए उनके बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के भाई दीपक आर्या के गोदाम का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया।
यूपीसीएल ने जिले में करीब 8 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए बकायेदारों की सूची तैयार कर चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से पहले सभी उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर बकाया जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन भुगतान न होने की स्थिति में कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जा रही है।
ऊर्जा निगम की कार्रवाई के तहत दीपक आर्या के गोदाम पर लगभग 94 हजार 610 रुपये का बकाया था, जिसके चलते शुक्रवार, 27 मार्च को कनेक्शन काट दिया गया। इसी तरह सरकारी विभाग भी इस कार्रवाई से अछूते नहीं रहे। डीएफओ सिविल सोयम कार्यालय पर करीब 90 हजार 179 रुपये और आईटीआई संस्थान पर 51 हजार 390 रुपये का बकाया होने पर उनके कनेक्शन भी काटे गए।
नगर निगम पर भारी बकाया होने के चलते उसे पहले ही चेतावनी दी गई थी। निगम की ओर से 4 लाख रुपये जमा कराए जाने के बावजूद अभी भी लगभग 4 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि बकाया है। वहीं, खेल विभाग पर करीब 3 लाख रुपये का बकाया होने के कारण उसका कनेक्शन भी अस्थायी रूप से काटा गया था, जिसे विभाग द्वारा भुगतान का आश्वासन दिए जाने के बाद पुनः जोड़ दिया गया।
इसके अलावा पुलिस लाइन पर भी लगभग साढ़े सात लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है, जिसे लेकर जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यूपीसीएल अब तक जिले में करीब 6 करोड़ रुपये की वसूली कर चुका है और शेष बकाया की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी है।
अधिशासी अभियंता कन्हैया मिश्रा ने बताया कि बकाया बिलों की वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है और सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अपने बकाया बिल जमा कर दें, ताकि कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।