देहरादून में पुलिस हिरासत में पीआरडी जवान की मौत, थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

देहरादून:
राजधानी देहरादून में पुलिस हिरासत में एक पीआरडी जवान की संदिग्ध मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे वाहन सहित हिरासत में लेकर मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि थाने लाने के बाद भी वह हंगामा करता रहा, जिसके चलते उसे हवालात में रखा गया।

कुछ देर बाद पुलिस ने दावा किया कि सुनील रतूड़ी अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, इस घटनाक्रम पर परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रही है, जबकि यह स्पष्ट रूप से पुलिस हिरासत में हत्या का मामला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत की सूचना उन्हें काफी देर से दी गई, जबकि जवान की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। परिजनों ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

वहीं अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, पुलिस सुनील रतूड़ी को शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर अस्पताल लेकर पहुंची थी और उस समय तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इससे घटनाक्रम को लेकर संदेह और गहरा गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की आशंका को दूर किया जा सके।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है और यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *