बदरीनाथ धाम में भगवान नारायण का सोने का मुकुट चोरी, पांच दिन बाद आरोपी गिरफ्तार
चमोली के बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम से भगवान नारायण का करीब ₹5 लाख कीमत का मणि जड़ित सोने का मुकुट और नकदी चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मुकुट, ₹4,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया बैग बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई को आश्रम में चोरी हुई थी। इसके बाद 27 जुलाई को ब्रह्मकपाल निवासी ब्रह्मचारी भगवत दास की तहरीर पर बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए ठहरे साधु राघवदास पर भगवान नारायण का सोने का मुकुट और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
धार्मिक स्थल से मुकुट चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
29 जुलाई को उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी की। यहां से राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) निवासी मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में चोरी की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट और वहां ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने:
-
भगवान नारायण का मणि जड़ित सोने का मुकुट
-
चोरी की नकदी में से ₹4,500
-
वारदात में इस्तेमाल काला बैग