आंबेडकर जयंती पर कन्हैया कुमार का हुंकार “युवा जागा तो बदलेगा देश”

संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देहरादून में “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वैभव वालिया द्वारा किया गया, जबकि संचालन गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कन्हैया कुमार (एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी) ने भाग लिया और अपने तीखे संबोधन से युवाओं को जागरूक होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान देश की आत्मा है, लेकिन आज इसकी मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग “देश” के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि लाभ कुछ चुनिंदा लोगों को पहुंचाया जा रहा है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि देश में नफरत, असमानता और अन्याय का माहौल बनाया जा रहा है, जो बाबा साहेब के सपनों के भारत के विपरीत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि वे चुप न बैठें और अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं। उन्होंने बाबा साहेब के प्रसिद्ध मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया।

इस अवसर पर गणेश गोदियाल (प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस) ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है, जबकि सरकारें ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। वहीं प्रीतम सिंह (चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष) ने कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को सीमित करने की साजिश हो रही है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी।

हरक सिंह रावत ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक को सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में रवि बहादुर, विकास नेगी, शूरवीर सिंह सजवान, धीरेंद्र प्रताप, ज्योति रौतेला सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक वैभव वालिया ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

समापन “जय भीम, जय संविधान, जय हिंद” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html