PM दौरे से पहले कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल ने उठाए 10 बड़े सवाल

देहरादून में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य से जुड़े 10 अहम मुद्दों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने की बात कही।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को उठाते हुए प्रधानमंत्री से इन सवालों के जवाब चाहती है। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अवैध खनन और शराब नीति जैसे मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

 अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सवाल

गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में बड़े नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद अब तक स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी जांच की स्थिति साफ नहीं है। साथ ही यह भी सवाल उठाया कि जांच का आधार पीड़ित परिवार की बजाय किसी अन्य व्यक्ति की शिकायत क्यों बनाई गई।

 युवा, रोजगार और पलायन पर चिंता

गोदियाल ने प्रधानमंत्री के पुराने बयान—“पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम आएगी”—की याद दिलाते हुए पूछा कि राज्य के युवाओं के लिए अब तक कौन सी ठोस योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, नशाखोरी और भर्ती घोटालों के कारण युवाओं का भविष्य संकट में है और उत्तराखंड पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए बदनाम हो रहा है।

 शिक्षा और उपनल कर्मचारियों का मुद्दा

शिक्षा के क्षेत्र में गिरावट पर चिंता जताते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 800 से अधिक स्कूल बंद हो चुके हैं, जो बेहद गंभीर विषय है।

साथ ही उन्होंने उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि न्यायालयों के निर्देशों के बावजूद सरकार इस पर ठोस निर्णय नहीं ले रही है।

 कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर निशाना

गोदियाल ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तराखंड महिला अपराध के मामलों में चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं, बच्चे, पत्रकार और पूर्व सैनिक तक सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

 शराब नीति और खनन पर सवाल

प्रदेश में नई शराब की दुकानों के खुलने और अवैध खनन को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। गोदियाल ने कहा कि क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए केवल शराब और खनन ही विकल्प रह गए हैं।

 चारधाम यात्रा और गैस संकट

चारधाम यात्रा के मद्देनजर उन्होंने होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों से पर्यटन उद्योग प्रभावित हो सकता है।

 “मैं सिर्फ पोस्टमैन हूं”

प्रेस वार्ता के अंत में गोदियाल ने कहा, “मैं केवल एक पोस्टमैन हूं। ये सवाल मेरे नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के हैं।” उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के ये मुद्दे प्रधानमंत्री तक पहुंचेंगे और उनका जवाब भी मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html