राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किए बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन, मास्टर प्लान कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तराखंड उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शनिवार को बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, विश्व कल्याण और मानवता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही दोनों धामों में चल रहे मास्टर प्लान कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

 बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना और निरीक्षण

निर्धारित कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल का स्वागत मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने किया। इसके बाद बदरीनाथ मंदिर पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट की और तीर्थयात्रियों से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

 मास्टर प्लान कार्यों का लिया जायजा

राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम में बन रहे रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर के मास्टर प्लान कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से सुझाव लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं का अनुशासन भी अनुकरणीय है।

 स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील

राज्यपाल ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को मजबूती मिलेगी।

 केदारनाथ धाम में भी किया दर्शन

इसके बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह ने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से संवाद किया और सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा दर्शन व्यवस्था को लेकर जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

 यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना

राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने प्रशासन, स्थानीय जनता और सभी संबंधित विभागों के समन्वय की प्रशंसा करते हुए यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने पर जोर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

review

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html