हल्द्वानी। नैनीताल जिले के खन्स्यू क्षेत्र में तस्करी गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम पर रविवार देर शाम बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस वारदात में एसटीएफ के सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक स्थानीय व्यक्ति भी गोली लगने से जख्मी हो गया।
सूचना मिलते ही घायल सिपाही को तुरंत कृष्णा अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि गोली सिपाही को हाथ में लगी है, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी होते ही एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने घायल सिपाही से मिलकर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बदमाशों की तलाश तेज करने और इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इलाके में अवैध तस्करी की गतिविधियों को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे थे। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची थी, जहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें जंगलों में दबिश दे रही हैं। आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग को और कड़ा कर दिया गया है। अधिकारी जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस और एसटीएफ ने तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए रणनीति तेज कर दी है।