चमोली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का तीखा विरोध, कांग्रेस–यूकेडी ने दिखाए काले झंडे

चमोली।
उत्तराखंड में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को चमोली जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की और भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था की विफलता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025–26 के शुभारम्भ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस और यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर डिग्री कॉलेज गेट के समीप उनका रास्ता रोककर काले झंडे दिखाए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

अंकिता भंडारी हत्याकांड बना विरोध का मुख्य मुद्दा

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम का खुलासा न होने पर गहरी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही मनरेगा में अनियमितताओं, बेरोजगारी, महंगाई और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी जमकर नारेबाजी की गई।

विरोध कर रहे नेताओं का कहना था कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और आम जनता की आवाज को लगातार दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।

धक्का-मुक्की, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और जोर-आजमाइश देखने को मिली। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर लिया और हालात पर काबू पाया। इसके बाद कार्यक्रम को निर्धारित समयानुसार आगे बढ़ाया गया।

खेलों को बढ़ावा देने की बात बोले महेंद्र भट्ट

वहीं दूसरी ओर, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के शुभारम्भ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों के माध्यम से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।

उत्तरकाशी में भी दिखा सियासी विरोध

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले उत्तरकाशी जिले में भी इसी तरह का विरोध देखने को मिला था। यहां उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी के काफिले को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोककर काले झंडे दिखाए थे।

गणेश जोशी गंगोरी क्षेत्र में आयोजित “सरकार जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद जब मंत्री और स्थानीय विधायक का काफिला वापस लौट रहा था, तभी गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगोरी के पास पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका रास्ता रोक लिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि प्रशासन और पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति संभाल ली और काफिले को सुरक्षित रवाना कराया।

प्रदेश में बढ़ता राजनीतिक टकराव

लगातार हो रहे इन विरोध प्रदर्शनों से साफ है कि उत्तराखंड में राजनीतिक टकराव तेज होता जा रहा है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल आने वाले समय में सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने के संकेत दे रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर अपने कार्यों का बचाव कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html