नैनीताल में प्रशासन सख्त: रिहायशी जमीन पर चल रहा रेस्टोरेंट बंद, फायरिंग मामले में दो शस्त्र लाइसेंस रद्द

नैनीताल। जनपद नैनीताल में जिला प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जहां रिहायशी जमीन पर अवैध रूप से संचालित रेस्टोरेंट का पट्टा निरस्त किया गया, वहीं फायरिंग की घटना में शामिल व्यक्ति के दो शस्त्र लाइसेंस भी रद्द कर दिए गए।

रिहायशी जमीन पर व्यवसाय, पट्टा हुआ निरस्त

जिला प्रशासन की जांच में सामने आया कि कैंची धाम क्षेत्र के छड़ा मझेड़ा गांव में आवासीय पट्टे की भूमि पर व्यावसायिक गतिविधि चलाई जा रही थी। यह भूमि मूल रूप से नंदराम को आवासीय उपयोग के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन बाद में उसी 0.008 हेक्टेयर भूमि पर रोहित कुमार, दिनेश कुमार और संतोष कुमार द्वारा रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा था।

पट्टे की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर डीएम ललित मोहन रयाल ने तत्काल प्रभाव से पट्टा निरस्त कर दिया। साथ ही भूमि को राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने के आदेश जारी किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

जमीन विवाद में फायरिंग, लाइसेंस रद्द

दूसरे मामले में चंपावत जिले के भैरवा चौराहा क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वर्ष 2025 में महेंद्र कुमार तड़ागी ने अपने लाइसेंसी हथियार से दिनेश तड़ागी पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह घायल हो गए।

इस गंभीर घटना को देखते हुए जिलाधिकारी ने आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17(3) के तहत आरोपी के नाम जारी .38 बोर रिवॉल्वर और सिंगल बैरल बंदूक के लाइसेंस निरस्त कर दिए।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश

जिला प्रशासन का कहना है कि लाइसेंसी हथियार केवल आत्मरक्षा और सुरक्षा के लिए दिए जाते हैं, उनका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डीएम रयाल की इन कार्रवाइयों को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब प्रशासन स्पष्ट कर चुका है कि चाहे सरकारी जमीन का गलत इस्तेमाल हो या हथियारों का दुरुपयोग—नियम तोड़ने वालों पर सीधे और सख्त एक्शन लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html