विश्वकर्मा जयंती पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले- कुशल मानव संसाधन राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा को नवनिर्माण और सृजन का देवता बताते हुए प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले उद्यमियों, शिल्पियों और श्रमवीरों को भी शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि निर्माण और सृजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कारीगरों, शिल्पियों एवं श्रमिकों के सम्मान का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों का प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।

‘कुशल मानव संसाधन राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति’

सीएम धामी ने कहा कि आज का दौर आधुनिक तकनीक और तेजी से बदलती कार्यप्रणाली का है। ऐसे समय में कुशल मानव संसाधन किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। राज्य सरकार कारीगरों, श्रमिकों और युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं और कामगारों को आधुनिक तकनीक एवं कौशल से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी।

नई तकनीक अपनाने का लिया जाए संकल्प

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर निर्माण के क्षेत्र में नई तकनीक के अधिक से अधिक उपयोग का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी साधनों और कौशल का उपयोग करते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

सीएम धामी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की सृजन और निर्माण की भावना से प्रेरणा लेकर सभी को देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वकर्मा जयंती को विकास, कौशल, श्रम और सृजन के प्रति सम्मान का पर्व बनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *