टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी, पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में आयोजित भगवान टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं।

धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं

सीएम धामी ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। साथ ही ये आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े सभी संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *