उत्तराखंड कांग्रेस ने खोला चुनाव अभियान कार्यालय, मिशन-2027 की तैयारियों को धार

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार दो विधानसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस ने अब मिशन-2027 को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति के कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

हालांकि चुनाव अभियान समिति का गठन करीब नौ महीने पहले ही हो चुका था, लेकिन अब कार्यालय के जरिए पार्टी अपनी चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाएगी। कार्यालय उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।

प्रीतम सिंह की मौजूदगी में हुआ कार्यालय का उद्घाटन

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

2 अगस्त से शुरू होगी परिवर्तन संकल्प यात्रा

कांग्रेस ने देहरादून जिले में विधानसभा क्षेत्रवार परिवर्तन संकल्प यात्रा का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है।

  • 2 अगस्त: विकासनगर और सहसपुर

  • 3 अगस्त: देहरादून कैंट और धर्मपुर

  • 4 अगस्त: राजपुर रोड और मसूरी

यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे।

पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन के कारण 5 अगस्त को रायपुर और डोईवाला में प्रस्तावित यात्रा स्थगित कर दी गई है। इन दोनों क्षेत्रों के लिए नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

आप नेता कुलदीप चौधरी कांग्रेस में शामिल

इधर, आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रीतम सिंह की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम को कांग्रेस के लिए चुनावी तैयारियों के बीच एक और राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस अब चुनाव अभियान कार्यालय और परिवर्तन संकल्प यात्रा के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और जनता तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *