देहरादून में 11 जुलाई से सजेगा ‘लोक संवर्धन पर्व’, किरेन रिजिजू करेंगे शुभारंभ, संस्कृति और शिल्प का होगा भव्य संगम

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून 11 से 15 जुलाई तक देश की विविध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्प और लोक कलाओं का साक्षी बनेगी। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पांच दिवसीय यह महोत्सव आम जनता के लिए निःशुल्क रहेगा।

उत्तराखंड बना पहला साझेदार राज्य

यह आयोजन कई मायनों में खास है। प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत आयोजित इस महोत्सव में उत्तराखंड, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। वर्ष 2024 में शुरू हुए इस आयोजन के पिछले पांच संस्करणों से देशभर के 550 से अधिक कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों और पाक विशेषज्ञों को लाभ मिल चुका है।

150 स्टॉल, जिनमें 40 प्रतिशत उत्तराखंड की कला को समर्पित

लोक संवर्धन पर्व में लगभग 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें करीब 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और लोक शिल्प को समर्पित होंगे। स्थानीय कारीगरों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प, अजरख ब्लॉक प्रिंटिंग, लाख की चूड़ियां, लकड़ी की नक्काशी, पीतल शिल्प, टेराकोटा, बांस और बेंत उत्पाद, हथकरघा वस्त्र सहित देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की पारंपरिक कलाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

लाइव डेमो, डिजिटल मार्केटिंग और कारोबार के अवसर

महोत्सव में केवल प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि लाइव शिल्प प्रदर्शन, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र, खरीदार-विक्रेता संवाद और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों का भी आयोजन होगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और उद्यमियों को आधुनिक बाजार से जोड़ना और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है।

देशभर के व्यंजनों का मिलेगा स्वाद

आगंतुकों के लिए 20 फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां गढ़वाली, कुमाऊंनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन, लखनवी समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा।

सांस्कृतिक संध्याओं में सजेगी सितारों की महफिल

लोक संवर्धन पर्व की सांस्कृतिक संध्याएं भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। उद्घाटन दिवस पर मशहूर ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़ अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, उत्तराखंड का लोकप्रिय लोक बैंड ‘पांडवाज़’ और परमिश वर्मा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

यह महोत्सव न केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और उद्यमियों को नए बाजार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *