रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली विकासखंड में बुधवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, सड़कें मलबे से पट गईं और कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार मायली-रणधार मोटर मार्ग पर लिस्वाटा गांव के समीप भारी भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग बाधित होने के कारण विश्वनाथ सेवा सहित कई वाहन सड़क के दोनों ओर फंसे हुए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उफनाए बरसाती नाले ने बढ़ाई मुश्किलें
तहसील जखोली के ग्राम सभा खलियाण में स्थित राम मंदिर के पास बहने वाला बरसाती नाला मूसलाधार बारिश के बाद अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नाले के तेज बहाव से पुजार गांव से जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर बनी दो से तीन पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
मोटर मार्ग पर मलबा और बोल्डर
बारिश के चलते पुजारगांव-सिरवाड़ी मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं। इससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई है और कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। स्थानीय लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं।
विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित
क्षेत्र में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना है। ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा गया है और लोगों को पेयजल तथा संचार सेवाओं में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बंद मार्गों को खोलने, मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त पुलियाओं का आकलन करने का कार्य जारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जनहानि नहीं, लेकिन नुकसान काफी
राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि भारी बारिश से सड़कों, पुलियाओं और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।