जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नकली दवाइयों का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।

नकली दवाइयों पर सख्त कार्रवाई

सीएम धामी ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मिलकर संयुक्त अभियान चलाएं ताकि नकली दवाइयों के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह से खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह कारोबार लोगों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है, जिसे रोकने के लिए सरकार शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है।

आपदा प्रभावितों का पुनर्वास सरकार की प्राथमिकता

बैठक में मुख्यमंत्री ने धराली आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं और उनके पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति अपनी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करे। इस रिपोर्ट के आधार पर न केवल धराली बल्कि अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर पुनर्वास और राहत कार्य किए जाएंगे।

स्वदेशी अभियान को मिलेगा बढ़ावा

सीएम ने राज्य में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने मंत्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं भी स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और जनता को भी इसके लिए प्रेरित करें।

  • सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों और उपकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी।

  • सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
    उन्होंने कहा कि हाल ही में जीएसटी स्लैब में हुए बदलावों से स्वदेशी उत्पादों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

अग्निवीरों के लिए प्रशिक्षण

सीएम धामी ने राज्य के अग्निवीरों के लिए समुचित प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

वायदों को पूरा करने की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता से किए गए वायदों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित के सभी संकल्पों को शीघ्र और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। सरकार जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

बैठक में मौजूद अधिकारी

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, सचिव एवं गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *