85 लाख की भूमि धोखाधड़ी में दो साल से फरार 15 हजार का इनामी गिरफ्तार

गिरफ्तारी से बचने 2024 में दुबई भाग गया था आरोपी, भारत लौटने के बाद गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था

देहरादून। प्रेमनगर थाना पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। भारत लौटने के बाद भी वह अपने घर नहीं गया और पुलिस से बचने के लिए गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। कोल्हूपानी, नंदा की चौकी निवासी युवराज क्षेत्री की ओर से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उनके साथ 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 255/24 के तहत धारा 420 और 120बी भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी बृजमोहन सिंह की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। उसके विदेश चले जाने के बाद पुलिस लगातार उसके संबंध में जानकारी जुटाती रही। आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

 

पुलिस टीम आरोपी के संबंध में लगातार गोपनीय तरीके से जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके भारत वापस आने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद प्रेमनगर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी के संभावित ठिकानों और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।

 

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुबई से भारत लौटने के बाद आरोपी अपने घर जाने के बजाय एक गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए 25 सितंबर 2026 को रिस्पना रोड स्थित बद्री विशाल गेस्ट हाउस के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजमोहन सिंह सिंधवाल पुत्र वीर सिंह, निवासी ग्राम मिढावाला, रामनगर डांडा, थाना रानीपोखरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रेमनगर पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में गोपनीय सूचनाओं और मैनुअल पुलिसिंग का इस्तेमाल करते हुए कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *